प्रेस विज्ञप्ति (दिनांक :16/10/2025)
डीआरयूसीसी की बैठक
रांची रेल मंडल में यात्री सुविधा प्राथमिकता बने-चैंबर
=============
रांची रेल मंडल के डीआरयूसीसी की बैठक आज डीआरएम करूणा निधि सिंह की अध्यक्षता में डीआरएम कार्यालय, हटिया में संपन्न हुई। बैठक में फेडरेशन ऑफ झारखण्ड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के डीआरयूसीसी प्रतिनिधि संजय अखौरी ने मुख्य रूप से शामिल होकर, यात्री सुविधा से जुडे प्रस्तावों पर चर्चा की और यात्रियों के हित में रांची रेल मंडल से जरूरी प्रयास करने का आग्रह किया।
बैठक में झारखण्ड चैम्बर के डीआरयूसीसी प्रतिनिधि संजय अखौरी ने कहा कि रांची रेल मंडल झारखण्ड की राजधानी का प्रतिनिधित्व करता है, इसलिए यहाँ से देश के विभिन्न हिस्सों के लिए कनेक्टिविटी को और मजबूत किया जाना जरूरी है। यात्रियों की बढ़ती संख्या और औद्योगिक विकास को देखते हुए नई ट्रेनों की शुरूआत, ठहराव बढ़ाने और कोच सुधार जैसे कदम अब समय की मांग हैं। उन्होंने कहा कि रांची से जयपुर, लखनऊ, वाराणसी, पुरी, धनबाद और दिल्ली के लिए सीधी या विस्तारित ट्रेन सेवाएं शुरू होने से आम यात्रियों, व्यापारियों और श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलेगी। रेल यात्रियों की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए, स्टेशन स्तर पर भी सुविधाओं की समीक्षा और समय-समय पर सुधार कार्य होना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि वरिष्ठ नागरिकों को फिर से रियायत देना, दिव्यांग यात्रियों के लिए स्टेशन पर निःशुल्क सुविधाएं बहाल करना और कुलियों की कमी दूर करना यात्रियों के प्रति रेल प्रशासन की संवेदनशीलता को दर्शाएगा। हम यात्रियों की मांग को पूरा होने तक मजबूती से उठाते रहेंगे।
चैंबर ने रांची नई दिल्ली गरीब रथ का ठहराव टुंडला स्टेशन पर करने, रांची आनंद विहार टर्मिनल का विस्तार जयपुर, रांची से लखनउ वाया अयोध्या सीधी ट्रेन, गंगा सतलज का विस्तार धनबाद से रांची तक करने, हटिया सांकी का विस्तार हजारीबाग टाउन तक, रांची नई दिल्ली राजधानी का परिचालन पूर्व की भांति सप्ताह में दो दिन वाया बरकाकाना मार्ग से, रांची से हावडा वाया बरकाकाना-हजारीबाग-कोडरमा मार्ग से नई ट्रेन का परिचालन, रांची वाराणसी वंदे भारत का परिचालन सप्ताह में तीन दिन वाया बरकाकाना हजारीबाग से करने का सुझाव दिया। यात्रियों की असुविधा को देखते हुए शक्तिपुंज एक्सप्रेस की समय सारणी में बदलाव का आग्रह किया गया। साथ ही हटिया बंगलुरू के मध्य रोजाना सुपरफास्ट/वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन की शुरूआत करने का आग्रह किया गया। यह भी सुझाया गया कि ट्रेनों के पुराने एलएचबी कोच और सभी अन्य कोच में समय-समय पर बेसिन, इंजन रूम की फिटिंग, मोबाइल चार्जर के प्वाइंट की जांच और मरम्मती आवश्यक है।
इसी प्रकार रांची से धनबाद के बीच सुबह के समय इंटरसिटी ट्रेन की मांग भी की गई जो सुबह 10.30 बजे तक धनबाद पहुंच जाय। बडबील से रांची वाया चाईबासा मार्ग से नई फास्ट मेमू चलाने, रांची से पुरी वंदे भारत स्लीपर ट्रेन चलाने, पाकुड से पटना और नई दिल्ली के लिए सीधी ट्रेन चलाने, कोविड काल में बंद हुई प्रमुख ट्रेनों का परिचालन पुनः प्रारंभ कराने, लोहरदगा रांची मेमू पैसेंजर में कोचों की संख्या बढाकर 12-15 बोगी करने, धनबाद एलेप्पी के वातानुकूलित कोचों को परिवर्तित करने, रांची और हटिया रेलवे स्टेशन पर बंद हो चुकी टुक-टुक/व्हिल चेयर जैसी निःशुल्क सुविधा को पुनः प्रारंभ करने, स्टेशन पर कुलियों की कमी का समाधान करने तथा महामारी के समय से बंद सीनियर सीटीजन यात्रियों को यात्री टिकट में मिलनेवाली छूट को पुनः शुरू करने की मांग की गई। चैंबर द्वारा रांची-दुमका इंटरसिटी ट्रेन को लोहरदगा से परिचालित करने की बात कही। कहा गया कि इससे टोरी एवं आसपास के यात्रियों को रांची, दुमका और देवघर तक की सीधी ट्रेन सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
डीआरएम करूना निधि सिंह ने झारखण्ड चैंबर द्वारा दिये गये सुझावों के अनुरूप रांची से लखनऊ, अयोध्या ट्रेन के परिचालन, धनबाद सतलज का विस्तार रांची तक करने, रामगढ़ क्षेत्र के यात्रियों की मांग पर विचार करने और आनंद विहार टर्मिनल का विस्तार जयपुर तक करने के लिए सहानभूतिपूर्वक विचार के लिए आश्वस्त किया। यह भी अवगत कराया कि रांची से रायपुर और पूरी वंदे भारत नई ट्रेन चलाने पर विचार किया जा रहा है। उन्होंने चैम्बर द्वारा दिए गए सभी सुझाव पर उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। यह भी अवगत कराया कि दीपाली एवं छठ महापर्व को देखते हुए रांची से विभिन्न शहरों के लिये 38 जोड़ी स्पेशल ट्रेनें कल से शुरू होने जा रही है।बैठक में सीनियर डीसीएम शुचि सिंह सहित रांची रेल मंडल के अन्य उच्चाधिकारीगण तथा डीआरयूसीसी प्रतिनिधिगण उपस्थित थे।
-
रोहित अग्रवाल
महासचिव
---------------------------------------------------