Press Release

Meeting of Indoor-Outdoor Advertising Sub-Committee, FJCCI .

  • 12Apr-2024

    प्रेस विज्ञप्ति (दिनांकः 12/04/2024)*

    इंडोर आउटडोर एडवर्टाइजिंग उप समिति की बैठक

    ====================

    झारखण्ड चैंबर ऑफ कॉमर्स के इंडोर आउटडोर एडवर्टाइजिंग उप समिति की बैठक आज चैंबर भवन में संपन्न हुई। रांची नगर निगम द्वारा होर्डिंग शुल्क में की जानेवाली वृद्धि से हो रही परेशानियों पर सदस्यों ने चर्चा की। कहा गया कि निगम द्वारा प्रत्येक वर्ष होर्डिंग्स शुल्क में 10 फीसदी की दर से वृद्धि कर शुल्क वसूला जा रहा है। जबकि नियमानुसार प्रत्येक पांच वर्ष में शुल्क में वृद्धि का ही प्रावधान है। उप समिति चेयरमेन राजीव चटर्जी ने इसपर आपत्ति जताते हुए कहा कि इस कारण व्यापारियों को अनावश्यक रूप से कठिनाईयां हो रही हैं, जिसपर निगम के उच्चाधिकारियों को संज्ञान लेना चाहिए।

    पहले से लगाये गये होर्डिंग्स के उपर धार्मिक संस्थाओं एवं राजनीतिक दलों द्वारा जबरदस्ती होर्डिंग्स लगाये जाने से होनेवाली परेशानी पर भी सदस्यों ने चिंता जताई और कहा कि इस कारण संबंधित पार्टी द्वारा एडवर्टाइजिंग एजेंसी के पैसे काट लिये जाते हैं, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान वहन करना पडता है। इस बात पर भी नाराजगी जताई कि निगम से इसकी नियमित शिकायत करने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की जाती है।

    व्यापारियों की समस्या को वास्तविक समझते हुए चैंबर अध्यक्ष किशोर मंत्री ने इस मामले में निगम के उच्चाधिकारयों से वार्ता के लिए आश्वस्त किया। उपाध्यक्ष आदित्य मल्होत्रा ने एडवर्टाइजिंग एजेंसियों की समस्या के समाधान दिलाने में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

     

    होर्डिंग्स शुल्क में प्रत्येक वर्ष 10 फीसदी की दर से वृद्धि करने की कार्रवाई को अव्यवहारिक बताते हुए सह सचिव अमित शर्मा और शैलेष अग्रवाल ने संयुक्त रूप से कहा कि समय पर शुल्क जमा नहीं करने पर 12 फीसदी कंपाउंड इंटरेस्ट लिये जाने का प्रावधान भी बिल्कुल अनुचित है। इससे व्यापारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ बढ रहा है जिसकी समीक्षा होनी चाहिए।

    बैठक में उप समिति चेयरमेन राजीव चटर्जी, सदस्य दिनेश प्रसाद, राजेश श्रीवास्तव, सुभोजीत डे, दिनेश कुमार, पुष्कर कुमार, सुमन कुमार, कृष्णा पोद्दार, सौरव चकवर्ती, बिपिन कुमार वर्मा उपस्थित थे।

    -

    परेश गट्टानी                                                                                                     विकास विजयवर्गीय

    महासचिव                                                                                                                      प्रवक्ता

     

    Uploaded Image

Copyright © 2021-2024 FJCCI